Home Breaking News धम्मचक्र में दिखा शांति का संदेश, बुद्ध विचारधारा ही विश्व कल्याण का...

धम्मचक्र में दिखा शांति का संदेश, बुद्ध विचारधारा ही विश्व कल्याण का मार्ग : गायकवाड़

88
Oplus_131072

धम्मचक्र में दिखा शांति का संदेश, बुद्ध विचारधारा ही विश्व कल्याण का मार्ग : गायकवाड़

सुवर्ण भारत: वैभव मेश्राम 
प्रतिनिधी, बल्लारपूर

बल्लारपूर :दुनिया में बढ़ती बलशक्ति की प्रतिस्पर्धा से जनसामान्य में अशांति का वातावरण निर्माण हो रहा है। ऐसे समय में तथागत भगवान गौतम बुद्ध की विचारधारा ही विश्व शांति का मार्ग दिखाती है। पिछले 50 वर्षों से सामाजिक समता और बंधुत्व का संदेश देने वाले कार्य कर रही बुद्ध पूर्णिमा समारोह समिति पेपर मिल बल्लारपुर का योगदान अत्यंत प्रेरणादायी है। यह प्रतिपादन स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक राजेश डी. गायकवाड़ ने किया।

वे बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बीपीएम कलामंदिर के भव्य रंगमंच पर आयोजित बुद्ध जयंती उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हजारों नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बीजीपीपीएल के मुख्य महाप्रबंधक जमील अख्तर, महाप्रबंधक प्रवीण शंकर, बीपीएम मजदूर सभा के उपाध्यक्ष तारासिंह कलसी, समिति अध्यक्ष अतुल शेंडे, कार्याध्यक्ष रितेश बोरकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मंचासीन थे।

कार्यक्रम की शुरुआत तथागत भगवान गौतम बुद्ध एवं भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा बुद्ध वंदना से हुई। समिति के महासचिव आकाशकांत दुर्गे ने उत्सव आयोजन की भूमिका स्पष्ट की, जबकि रितेश बोरकर ने समिति के सामाजिक उद्देश्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर कंपनी से सेवानिवृत्त होने वाले समिति सदस्यों तथा गायन क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली भारती डुंबरे सहित अन्य प्रतिभाओं का मान्यवरों के हस्ते सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नागपुर की कृति थिएटर अॅन्ड स्पोर्ट अकादमी द्वारा प्रस्तुत भव्य महानाट्य ‘धम्मचक्र’ रहा। लेखक एवं निर्माता मयूर शेंडे, संकल्पना लालजी श्रीवास, तथा निर्देशक शीतल दोड़के के मार्गदर्शन में प्रस्तुत इस महानाट्य में 60 कलाकारों ने सहभाग लिया। नाटक में तथागत गौतम बुद्ध, चक्रवर्ती सम्राट अशोक और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के कालखंड में धम्मचक्र के प्रवाह एवं मानवता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। प्रस्तुति को उपस्थित हजारों नागरिकों ने जोरदार तालियों और वाहवाही से सराहा।

कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष अतुल शेंडे ने सभी अतिथियों, कलाकारों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता के लिए महासचिव आकाशकांत दुर्गे, उपाध्यक्ष महेंद्र रामटेके, सहसचिव नीलकंठ पाटील, कोषाध्यक्ष विकास जयकर, मंगलदीप हस्ते, प्रितम उमरे, राजेश गावंडे, राजकुमार सोनारकर, सुमेध शेंडे, विकास पेटकर, विश्वास देशभ्रतार, पवन मेश्राम, श्रीनिवास मासे, आनंद वालके सहित समिति के सभी सदस्यों ने विशेष परिश्रम किया।