Home Breaking News चंद्रपुर स्टेशन का होगा आधुनिक विकास, बल्लारशाह का महत्व रहेगा बरकरार ...

चंद्रपुर स्टेशन का होगा आधुनिक विकास, बल्लारशाह का महत्व रहेगा बरकरार DRM विनायक गर्ग ने ZRUCC सदस्य अजय दुबे को दिया भरोसा

75
Oplus_131072

चंद्रपुर स्टेशन का होगा आधुनिक विकास, बल्लारशाह का महत्व रहेगा बरकरार

DRM विनायक गर्ग ने ZRUCC सदस्य अजय दुबे को दिया भरोसा

सुवर्ण भारत: वैभव मेश्राम (बल्लारपूर, प्रतिनिधी)

चंद्रपुर : चंद्रपुर रेलवे स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, लेकिन इससे बल्लारशाह रेलवे स्टेशन के महत्व पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा। यह स्पष्ट आश्वासन नागपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनायक गर्ग ने क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) सदस्य अजय दुबे को दिया।

DRM गर्ग ने कहा कि बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर आयरन, कोयला तथा यात्री ट्रैफिक लगातार बढ़ रहा है। भविष्य में बढ़ते रेल दबाव को देखते हुए नागपुर के अजनी स्टेशन की तर्ज पर चंद्रपुर रेलवे स्टेशन का नियोजित विकास किया जा रहा है। यहां यात्रियों एवं परिचालन से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि चंद्रपुर स्टेशन, चांदा फोर्ट और बल्लारशाह के बीच एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज प्वाइंट के रूप में कार्य करता है। इस मार्ग पर नागपुर, गोंदिया तथा बल्लारशाह की ओर से आने वाली मालगाड़ियों का भारी दबाव रहता है। पर्याप्त प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं होने के कारण कई बार ट्रेनों को ग्रीन सिग्नल के इंतजार में खड़ा रखना पड़ता है तथा शंटिंग कार्य में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

DRM ने स्पष्ट किया कि रेल मंडल का कार्य भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियोजन करना और सुविधाएं विकसित करना है, जबकि कौन-सी ट्रेन कहां से संचालित होगी, इसका अंतिम निर्णय रेलवे मुख्यालय स्तर पर लिया जाता है।

इस दौरान ZRUCC सदस्य अजय दुबे ने बल्लारशाह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्थित स्टॉल धारकों की समस्याओं को DRM के समक्ष रखा। इस पर मंडल रेल प्रबंधक ने आश्वस्त किया कि स्टॉल संचालकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी चार से पांच महीनों में तीसरी लाइन सहित अन्य कार्य पूर्ण होने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मालगाड़ियों की आवाजाही बंद हो जाएगी। साथ ही एक वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से मामले की समीक्षा कर स्टॉल धारकों को हरसंभव राहत प्रदान की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन मित्तल, वरिष्ठ ZRUCC सदस्य दामोदर मंत्री तथा ZRUCC सदस्य दिलीप गौर भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।