Home Breaking News सिंदेवाही क्र.1 प्राथमिक विद्यालय – 130 साल पुरानी जर्जर इमारत में गरीब...

सिंदेवाही क्र.1 प्राथमिक विद्यालय – 130 साल पुरानी जर्जर इमारत में गरीब बच्चों की पढ़ाई, प्रशासन का लापरवाह रवैया!

507

• सिंदेवाही क्र.1 प्राथमिक विद्यालय – 130 साल पुरानी जर्जर इमारत में गरीब बच्चों की पढ़ाई, प्रशासन का लापरवाह रवैया!

सुवर्ण भारत:रोशन खानकुरे
प्रतिनिधी,चंद्रपूर

📲8888203020

सिंदेवाही (जि. चंद्रपुर) –
सन 1895 में निर्मित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय सिंदेवाही क्र.-1 आज 130 वर्षों बाद पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण अवस्था में खड़ा है। छत टपकती है, दीवारों में दरारें हैं, प्लास्टर और चूने के टुकड़े नीचे गिरते हैं—फिर भी गरीब परिवारों के बच्चे रोज अपनी जान जोखिम में डालकर यहां पढ़ाई करने आते हैं।

बरसात के मौसम में पानी सीधे कक्षाओं में घुस आता है। हाल ही में एक कक्षा में अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। उस समय बच्चे मौजूद थे, लेकिन बड़ा हादसा टल गया। खास बात यह रही कि यह घटना उस समय हुई जब शिक्षा मंत्री दादा भुसे चंद्रपुर जिले में स्कूल निरीक्षण पर थे, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा फैल गई।

पिछले तीन वर्षों से विद्यालय प्रबंधन समिति ने सरकार को कई बार ज्ञापन सौंपा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच स्कूल बंद आंदोलन भी किया गया। आंदोलन के बाद उपकार्यकारी अधिकारी ने खतरनाक कक्षाओं का निरीक्षण कर उन्हें बंद करने और नई कक्षा बनाने का मौखिक आश्वासन दिया था। लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद स्थिति जस की तस है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मिथुन मेश्राम ने आरोप लगाया कि, “संबंधित अधिकारी जानबूझकर इस समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं और निजी स्कूलों को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे गरीब बच्चों का भविष्य खतरे में है।”
शाळा समिती उपाध्यक्ष अमोल कुचनवार ने भी प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि, “अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हम फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”

स्थानीय नागरिक और अभिभावकों ने सरकार से मांग की है कि तुरंत नई इमारत का निर्माण किया जाए और बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जाए।