• होटल रिलैक्स में देह व्यापार का भंडाफोड़
• स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई
• दो पीड़ित महिलाओं को कराया मुक्त
सुवर्ण भारत: शंकर महाकाली

चंद्रपूर : चंद्रपुर शहर के वडगांव क्षेत्र स्थित होटल रिलैक्स रूम एंड लॉजिंग में चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल रिलैक्स में महिलाओं से अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक भेजकर जाल बिछाया। पुष्टि होने के बाद महिला पंच, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंध कक्ष की टीम के साथ होटल पर छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान सावजी पांडुरंग हस्तक (74) और प्रदीप सावजी हस्तक (30), दोनों निवासी वडगांव, चंद्रपुर द्वारा महिलाओं से देह व्यापार करवाए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, नकद राशि, कंडोम बॉक्स, रजिस्टर तथा क्यूआर कोड सहित कुल 7 हजार 400 रुपये का सामान जब्त किया।
कार्रवाई के बाद सावजी हस्तक को हिरासत में लिया गया, जबकि प्रदीप हस्तक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं दोनों पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया है।
इस मामले में रामनगर पुलिस थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष निपाणी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में पोलीस उपनिरीक्षक संतोष निंभोरकर, सुनिल गौरकार,धनराज करकाडे, चेतन गज्जलवार दिपक डोंगरे, कर्तिक खनके, पोअं किशोर वाकाटे, प्रफुल्ल गारघाटे, सुमित बरडे, मपोहवा छाया निकोडे, मपोहवा निराशा तितरे, मपोहवा विजयमाला वाघमारे, मपोशि अपर्णा मानकर, चालक पोहवा प्रमोद डंभारे, मिलिंद टेकाम, महिला सामाजिक कार्यकर्ते सरिता मालू, माया मेश्राम, सुनीता गोवर्धन व अनैतिक मानवी व्यापार प्रतिबंध कक्ष चंद्रपूर व सायबर पोलीस स्टेशन चंद्रपूर टीम शामिल थे.




