Home Breaking News बीटीएस चौक पर भीषण सड़क हादसा : ट्रक की टक्कर से महिला...

बीटीएस चौक पर भीषण सड़क हादसा : ट्रक की टक्कर से महिला की मौके पर मौत, पति घायल

558

#Ballarpur

Oplus_16908288

बीटीएस चौक पर भीषण सड़क हादसा : ट्रक की टक्कर से महिला की मौके पर मौत, पति घायल

सुवर्ण भारत:शांतिकुमार गिरमिल्ला
विशेष जिल्हा संवाददाता चंद्रपूर

गोंडपिपरी से चंद्रपुर की ओर मोपेड से जा रहे दंपती के साथ बल्लारपुर शहर के बीटीएस चौक पर एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी। इस हादसे में नीलिमा देवराव रोहनकर (38), निवासी छोटा बाजार वार्ड, चंद्रपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहनकर दंपती मोपेड (क्रमांक एमएच 34 सीपी 2417) से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक कर रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक का पिछला पहिया नीलिमा रोहनकर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके पति सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके दाहिने हाथ में चोट आई है। संबंधित ट्रक (क्रमांक एमएच 33 टी 3836) लोह अयस्क लेकर घुग्गुस की ओर जा रहा था।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि नीलिमा रोहनकर अपने पति के साथ गोंडपिपरी तालुका के जयरामपुर गांव में गृह प्रवेश (वास्तु) कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही थीं। उनके पीछे 21, 18 और 16 वर्ष की तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी का पिछले महीने सगाई समारोह संपन्न हुआ था और उसका विवाह आगामी 7 मई को निर्धारित है। इस दर्दनाक हादसे से रोहनकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही बल्लारपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल, बल्लारपुर भेज दिया गया है। मामले की प्राथमिक जांच पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक मदन दिवटे एवं पुलिस कांस्टेबल यशवंत कुमरे द्वारा की जा रही है।