#Ballarpur
• पत्रकार पर हमला बर्दाश्त नहीं, सड़क हादसों पर भी सख्त कदम जरूरी
• तेलुगु वेलफेयर एसोसिएशन का पुलिस को ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
सुवर्ण भारत: शंकर महाकाली (संपादक)
बल्लारपुर : बल्लारपुर में खबर प्रकाशित करने पर पत्रकार के साथ हुई दुर्व्यवहार की घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में तेलुगु वेलफेयर एसोसिएशन, बल्लारपुर के ठाणेदार विपीन इंगळे को ज्ञापन सौंपते हुए पत्रकार सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई और दोषियों के खिलाफ तत्काल व सख्त कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उन पर हमला सीधे-सीधे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। इस तरह की घटनाओं से समाज में भय का माहौल बनता है और सच्चाई सामने लाने वालों का मनोबल टूटता है। उन्होंने मांग की कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन में शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। हाल ही में सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए एसोसिएशन ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम उठाए गए होते, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था शीघ्र करने की मांग की।
तेलुगु वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश अंबाला ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और नागरिकों की जान की रक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट किशोर पूसलवार ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होगा।
इस मौके पर सचिव कृष्णा रापेल्लीवार सहित पदाधिकारी आनंद महाकाली, कृष्णा कनकम, राकेश अनुमाला, कुमार दासरापु और राजू सकिनाला उपस्थित रहे।

