#Ballarpur

#shivsena
• बल्लारपुर में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई, भव्य रैली में उमड़ा जनसैलाब
• गोकुल नगर से नगर परिषद तक निकली भव्य शोभायात्रा
• ढोल-ताशों, झांकियों और भगवा ध्वजों से शिवमय हुआ शहर
सुवर्ण भारत:शंकर महाकाली (संपादक)
बल्लारपुर शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट की ओर से बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के गोकुल नगर वार्ड से नगर परिषद तक भव्य रैली और शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों, ढोल-ताशों की गूंज, डीजे की धुनों और भगवा ध्वजों से सजी इस रैली में हजारों की संख्या में युवक, महिलाएं और नागरिक शामिल हुए। छत्रपति शिवाजी महाराज के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा और वातावरण शिवमय बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई। उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इसके पश्चात समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए सरकारी दवाखाने में भर्ती मरीजों के बीच फल और बिस्किट का वितरण किया गया। नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों की प्रशंसा की।
शाम के समय गोकुल नगर वार्ड से निकली भव्य रैली पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। रैली में छत्रपति शिवाजी महाराज की वेशभूषा में सजी आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। ढोल-ताशों की गूंज और डीजे की धुनों पर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवा ध्वज लहराते युवाओं के जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नगर परिषद परिसर पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और जयघोष के साथ रैली का भव्य स्वागत किया। सड़कों के किनारे और घरों की बालकनी से लोगों ने इस ऐतिहासिक शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के उपजिला प्रमुख व नगरसेवक सिक्की यादव, जेष्ठ नेता घनश्याम मूलचंदानी, नगरसेविका रजनी मूलचंदानी, कल्पना गोरघाटे, ज्योति गहलोत, रंजीता बीरे, काजल तोटावार, नगरसेवक मनोज बेले, तालुका प्रमुख प्रकाश पाठक, शहर प्रमुख प्रशांत मेश्राम, महिला शहर प्रमुख ज्योति गहलोत, मीनाक्षी गलगट, युसुफ शेख, सागर राउत, विनोद बुराड़े, प्रभाकर मुरकुटे, सचिन तोटावार, रामू मेदरवार, सुधाकर पोपले, सोनू श्रीवास, अरुण पडाल, आनंद महाकाली, दिलीप नाईक, अशोक पटेल, मलेश अण्णा, चिन्नी, धर्मा बानोत, अरुण पटालरकर सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान शिवसेना उपजिल्हा प्रमुख, चंद्रपूर व नगरसेवक सिक्की यादव ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनका शौर्य, स्वाभिमान और प्रजाहित की भावना आज भी समाज को मार्गदर्शन देती है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि बल्लारपुर शहर में पिछले लगभग तीस वर्षों से छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती का आयोजन भव्य रूप में किया जाता रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नागरिकों के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पूरे दिन चले इस आयोजन से शहर में उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।





