• चंद्रपुर के प्रशासनिक इतिहास में नया अध्याय: वसुमना पंत बनीं जिले की पहली महिला जिलाधिकारी
• वर्तमान जिलाधिकारी विनय गौडा का छत्रपति संभाजीनगर तबादला; कल संभालेंगे कार्यभार
सुवर्ण भारत : किरण घाटे
विदर्भ विशेष प्रतिनिधी

चंद्रपुर : महाराष्ट्र राज्य प्रशासन में हुए हालिया फेरबदल में चंद्रपुर जिले के नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। जिले के वर्तमान जिलाधिकारी विनय गौडा जी. सी. का स्थानांतरण कर दिया गया है और उनके स्थान पर वसुमना पंत की नियुक्ति की गई है। चंद्रपुर जिले के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी महिला अधिकारी को जिलाधिकारी पद की कमान सौंपी गई है, जिसे जिले के प्रशासनिक इतिहास में एक ‘स्वर्णिम क्षण’ के रूप में देखा जा रहा है।
विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
2017 बैच की आईएएस (IAS) अधिकारी वसुमना पंत अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कुशल कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। इससे पहले उन्होंने वाशिम जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में कार्य करते हुए विकास कार्यों को तेज रफ्तार दी थी। नागपुर में सहायक आयुक्त के पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद, अब वे चंद्रपुर के जिलाधिकारी के रूप में शुक्रवार (कल) अपना पदभार ग्रहण करेंगी। प्रबुद्ध वर्ग का मानना है कि उनकी कार्यशैली जिले के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
विनय गौडा का शानदार कार्यकाल
पिछले साढ़े तीन वर्षों से चंद्रपुर में अपनी विशेष कार्यशैली से पहचान बनाने वाले विनय गौडा जी. सी. का तबादला अब छत्रपति संभाजीनगर के जिलाधिकारी पद पर हुआ है। चंद्रपुर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया। सूत्रों के अनुसार, वे भी कल ही संभाजीनगर में अपना नया पदभार संभालेंगे।
जिले में हर्ष का माहौल
प्रशासनिक प्रमुख के रूप में पहली बार एक महिला अधिकारी की नियुक्ति होने से जिले के नागरिकों और बुद्धिजीवियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। वसुमना पंत के नेतृत्व में चंद्रपुर का प्रशासनिक अध्याय अब एक नई दिशा की ओर अग्रसर होगा।




