बल्लारपुर विधानसभा के सभी 366 बूथों पर गूंजा ‘मन की बात’, 11 हजार से अधिक नागरिकों ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
सुवर्ण भारत: शंकर महाकाली


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का रविवार, 31 मई 2026 को बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ आयोजन किया गया। विधानसभा क्षेत्र के सभी 366 बूथों पर कार्यक्रम का सफलतापूर्वक प्रसारण किया गया, जिसमें लगभग 11 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री के विचारों, प्रेरणादायी अनुभवों तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को सुना।
इस व्यापक आयोजन का मार्गदर्शन बल्लारपुर विधानसभा के विधायक एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री डॉ. सुधीर मुनगंटीवार, वन विकास महामंडल के पूर्व अध्यक्ष चंदन सिंह चंदेल तथा भारतीय जनता पार्टी चंद्रपुर जिला अध्यक्ष हर्ष शर्मा द्वारा किया गया। वहीं भाजपा बल्लारपुर शहर अध्यक्ष एड. रणंजय सिंह के नेतृत्व में बल्लारपुर शहर के सभी 89 बूथों पर विशेष रूप से भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं ने नागरिकों के बैठने, कार्यक्रम सुनने तथा जनसंपर्क की सुव्यवस्थित व्यवस्था की थी। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के विकास, सामाजिक परिवर्तन, आत्मनिर्भर भारत, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी जैसे विषयों पर व्यक्त विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी 366 बूथों पर शत-प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित किया गया। संगठन की मजबूत बूथ संरचना एवं कार्यकर्ताओं की सक्रियता के चलते प्रत्येक बूथ पर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कई स्थानों पर नागरिकों ने कार्यक्रम के उपरांत प्रधानमंत्री के संदेशों पर चर्चा करते हुए राष्ट्रहित में जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
बल्लारपुर शहर मंडल के सभी 89 बूथों पर भी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन में बूथ प्रमुखों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के कारण कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता मिली।
इस अवसर पर भाजपा बल्लारपुर शहर की ओर से ‘मन की बात’ अभियान के प्रमुख एवं भाजपा महामंत्री घनश्याम बुरडकर, सभी बूथ प्रमुखों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों का विशेष अभिनंदन किया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और नागरिकों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त अभियान बन चुका है। बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम को मिली व्यापक जनभागीदारी यह दर्शाती है कि आम नागरिक प्रधानमंत्री के विचारों एवं देशहित के अभियानों से लगातार जुड़ रहे हैं।
संगठन के पदाधिकारियों ने इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता का श्रेय सभी कार्यकर्ताओं, बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं नागरिकों को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनसंपर्क एवं जनजागरण के कार्यक्रमों में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता बनी रहेगी और संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

