लोक निर्माण विभाग में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती उत्साहपूर्वक मनाई, समता और सामाजिक न्याय का संदेश
सुवर्ण भारत: शंकर महाकाली
लोक निर्माण विभाग के बल्लारपुर उपविभागीय कार्यालय में भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती बड़े उत्साह और प्रेरणादायी वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में अधिकारी एवं कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने बाबासाहेब के कार्यों एवं विचारों को नमन किया। वक्ताओं ने उनके सामाजिक, शैक्षणिक तथा भारतीय संविधान निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
इस अवसर पर उपविभागीय अभियंता संजोग मेंढे ने अपने संबोधन में बाबासाहेब द्वारा दिए गए समता, बंधुता और न्याय के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “शिक्षा, संगठन और संघर्ष” की त्रिसूत्री के माध्यम से ही समाज प्रगति कर सकता है। साथ ही उन्होंने विभाग के सभी कर्मचारियों से ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में अभियंता वैभव जोशी, पवन सावरकर, अनिल आंबटकर, लीनता खोरगड़े, हनीफ कुरेशी एवं शीतल पोड़े ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बाबासाहेब के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए वंचित वर्गों के उत्थान हेतु उनके योगदान को याद किया।
इस दौरान कार्यालय के अरविंद कुचनकर, चित्रा मेश्राम, माधवी मेश्राम, हर्षल दासरवार, हरिदास डंबारे, बावणे गिरडकर, सौदागर सहित अनेक कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बाबासाहेब के विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
